बेटी-दामाद का विवाद सुलझाने पहुंचे ससुर की हत्या कर थाना पहुंचा दामाद, कही ये बात...

एक दिल दहला देने वाली घटना में, एक व्यक्ति की उसके अपने दामाद ने बेरहमी से हत्या कर दी. वह अपनी बेटी के घर पारिवारिक विवाद सुलझाने गए थे. आरोपी ने कटार से हमला कर दिया, जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई.

बामड़ा : बेटी-दामाद के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद सुलझाने गये ससुर की उसके दामाद ने कटार (घास काटने वाला धारदार औजार) से हमला कर हत्या कर दी. यह घटना संबलपुर जिले के बामड़ा ब्लॉक अंतर्गत गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महुलछापल गांव में मंगलवार रात हुई. मृतक की पहचान पिंडापत्थर गेनी गांव के कालो कच्छप के रूप में हुई है. आरोप है कि विवाद के दौरान दामाद अंथोनी ने उनपर कटार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

आरोपी ने खुद थाना पहुंचकर दी घटना की जानकारी

घटना के बाद आरोपी स्वयं गोविंदपुर थाना पहुंचा. पुलिस को घटना की जानकारी दी. जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम को महुलछापल गांव में अंथोनी और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. गुस्से में पत्नी मायके चली गयी थी. कालो दामाद को समझाने-बुझाने के लिए बेटी के घर पहुंचे. उन्होंने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने और मामले को सुलझाने का प्रयास किया. इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया. आरोप है कि अंथोनी ने कालो कच्छप पर कटार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

इस घटना की जानकारी सामने आते ही महुलछापल गांव में शोक के साथ ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बाद में अंथोनी स्वयं गोविंदपुर थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इधर, सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना प्रभारी पद्मालया साहू सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू की. संबलपुर से साइंटिफिक टीम भी जांच कर लौट गयी है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस पारिवारिक विवाद की वजह, घटना के पीछे की परिस्थितियों तथा पूरे घटनाक्रम के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस की पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >