बंडामुंडा : दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बंडामुंडा रेलवे एक्सचेंज यार्ड में सोमवार को ट्रैक आधुनिकीकरण और सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किया गया. एक्सचेंज यार्ड स्थित जी-केबिन के समीप प्वाइंट संख्या 111ए और 111बी पर नौ घंटे का मेगा ब्लॉक लिया गया. इस दौरान पुराने 52 केजी डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग को हटाकर उसके स्थान पर 60 केजी का नया डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग स्थापित किया गया.
ट्रेनों की आवाजाही सुचारु एवं सुरक्षित बनाने में मिलेगी मदद
रेलवे अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित समय के भीतर कार्य को पूरा किया गया. नयी और अधिक मजबूत 60 केजी डायमंड क्रॉसिंग लगाये जाने से यार्ड में ट्रैक की मजबूती बढ़ने के साथ ट्रेनों की आवाजाही को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने में मदद मिलेगी. साथ ही, यार्ड की परिचालन क्षमता में भी सुधार होने की उम्मीद है. डायमंड क्रॉसिंग रेलवे ट्रैक का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जहां अलग-अलग दिशाओं से आने वाली रेल पटरियां एक-दूसरे को क्रॉस करती हैं. ऐसे स्थानों पर मजबूत और आधुनिक क्रॉसिंग का उपयोग रेल परिचालन की सुरक्षा के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. नयी 60 केजी डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग के स्थापित होने से इस क्षेत्र में रेल परिचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता बढ़ने की उम्मीद है.
चक्रधरपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
मेगा ब्लॉक के दौरान ठेका श्रमिकों के साथ रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वय के साथ कार्य किया. मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीएन रवि कुमार, बंडामुंडा इंजीनियरिंग विभाग-1 के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभाग की टीम मौजूद रही. निर्धारित नौ घंटे के ब्लॉक के दौरान सभी संबंधित विभागों ने आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए क्रॉसिंग को बदलने का काम पूरा किया.
