राउरकेला : सर्किट हाउस कांड के आरोपी प्रकाश पासवान के टिंबर कॉलोनी में वन भूमि पर बने आलीशान दफ्तर को वन विभाग ने शनिवार को बुलडोजर लगाकर जमींदोज कर दिया. प्रकाश पासवान फिलहाल जेल में है. वन विभाग ने पिछले दिनों एक नोटिस दफ्तर की दीवार पर चस्पा किया था, जिसमें 31 अगस्त तक वन विभाग के कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष रखने को कहा गया था, लेकिन तय अवधि तक किसी के नहीं आने पर वन विभाग ने शनिवार को यह कार्रवाई की.
हाजिर नहीं होने और जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई
इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनात रही. वन विभाग की ओर से दफ्तर को जमींदोज करने से पहले अंदर रखे सामान को बाहर कर दिया गया था. जिसे बाद में जब्त किया गया है. मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में यह पूरी कार्रवाई की गयी. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमने नोटिस जारी किया था और जवाब मांगा था. लेकिन जवाब नहीं आने पर यह कार्रवाई की गयी है.
सर्किट हाउस कांड में नाम आने के बाद बढ़ीं मुश्किलें
14 अगस्त की रात सर्किट हाउस में पुलिस ने छापेमारी कर हथियारों के साथ युवकों को पकड़ा था. जिसके बाद से अबतक 12 आरोपी इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं. इसमें भाजपा से निलंबित युवा नेता प्रकाश पासवान भी शामिल है, जिसे बिहार के बरौनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था. इससे पहले बीइंग ह्यूमन नामक संस्था को राउरकेला स्टील प्लांट से आवंटित एक क्वार्टर का आवंटन भी शर्तावली के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में रद्द किया जा चुका है. इस संस्था का अध्यक्ष भी प्रकाश पासवान हैं. वहीं अब वन विभाग की भूमि पर बने इस दफ्तर पर कार्रवाई की गयी है, जिसका इस्तेमाल प्रकाश कर रहे थे.
वन विभाग ने कार्यालय को किया था सील
सर्किट हाउस कांड में भाजपा के युवा नेता प्रकाश पासवान का नाम आने के बाद वन विभाग ने वन भूमि पर बने प्रकाश पासवान के कार्यालय को सील कर दिया था. साथ ही एक नोटिस चस्पा कर उसे 31 अगस्त तक हाजिर होकर जवाब देने को कहा गया था. लेकिन इस मामले में जब किसी की हाजिरी नहीं हुई, तो वन विभाग ने शनिवार को इस कार्यालय को तोड़ने की कार्रवाई की.
