Bhubaneswar News: राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं हो : अनु गर्ग

Bhubaneswar News: भुवनेश्वर में उच्च स्तरीय बैठक में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के ओडिशा दौरे की तैयारियों की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने समीक्षा की.

Bhubaneswar News: ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों तथा राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के प्रस्तावित ओडिशा दौरे की तैयारियों को लेकर शनिवार को लोकसेवा भवन में राज्यस्तरीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव अनु गर्ग ने की. इस दौरान उन्होंने दौरा कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर समयबद्ध और सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.

19 को राष्ट्रपति, 20 को प्रधानमंत्री आयेंगे रायरंगपुर

सूचना के अनुसार, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जून को रायरंगपुर पहुंचेंगी, जबकि 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां पहुंचेंगे. इसी दिन राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दंडबोस में आयोजित कार्यक्रमों में दोनों शीर्ष नेता विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री का पाड़ाहपुर क्षेत्र में स्थानीय प्रदर्शनी एवं कार्यक्रमों में सहभागिता का भी प्रस्ताव है. इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति भी रहेगी.

सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, कारकेड प्रबंधन व हेलीपैड तैयारियों पर हुई चर्चा

लोक सेवा भवन में आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, कारकेड प्रबंधन, हेलीपैड तैयारियों, कार्यक्रम समन्वय, हवाई अड्डा व्यवस्था, अतिथियों के आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, स्वच्छता, दूरसंचार व्यवस्था तथा मीडिया प्रबंधन जैसे सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में विकास आयुक्त सहित गृह, उद्योग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस महानिदेशक तथा अन्य विभागीय सचिव उपस्थित रहे. वहीं मयूरभंज जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े. मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी करने तथा सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिये. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए तथा सभी स्तरों पर उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाये.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >