नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
T20 World Cup Celebration: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में रविवार देर रात क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की ऐतिहासिक जीत का जोरदार जश्न मनाया. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. जैसे ही भारत की जीत की खबर आई, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई और लोग सड़कों पर निकल आए. चारों ओर देशभक्ति के नारों और पटाखों की आवाज से माहौल उत्सवमय हो गया.
बाजार चौक से लेकर मोहल्लों तक जश्न
भारत की जीत के बाद नोवामुंडी बाजार चौक, बंगाली पाड़ा, टिस्को कैंप, संग्राम साई और कुम्हार टोली समेत आसपास के कई इलाकों में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की. युवाओं और बच्चों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशियां बांटी. कई जगहों पर लोगों ने गुलाल लगाकर भी जश्न मनाया. बाजार चौक पर देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ लोग नाचते-गाते नजर आए.
“भारत माता की जय” से गूंजा पूरा इलाका
जश्न के दौरान पूरे इलाके में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंजते रहे. लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय टीम की जीत का स्वागत किया. युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए जुलूस भी निकाला और देशभक्ति के गीतों पर नाचते हुए खुशी जाहिर की. इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.
युवा और बच्चों में दिखा खास उत्साह
भारतीय टीम की जीत का सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं और बच्चों में देखने को मिला. मैच खत्म होते ही युवा सड़कों पर निकल आए और पटाखे फोड़कर खुशी मनाने लगे. कई युवाओं ने कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास है और टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है. बच्चों ने भी तिरंगा लेकर सड़कों पर दौड़ते हुए जीत का जश्न मनाया.
लोगों ने एक-दूसरे को दी जीत की बधाई
नोवामुंडी के कई इलाकों में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी. कई जगहों पर स्थानीय दुकानदारों ने भी मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की. लोगों का कहना था कि भारतीय टीम की इस जीत ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है. यह जीत न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों की भी जीत है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में इन चार महिलाओं का बज रहा डंका, पूरे झारखंड में बनी अलग पहचान
भारतीय टीम की जीत से बढ़ा देश का गौरव
स्थानीय लोगों ने कहा कि भारतीय टीम की इस शानदार जीत ने पूरे देश को गर्व का अवसर दिया है. लंबे समय से क्रिकेट प्रेमी इस तरह की ऐतिहासिक जीत का इंतजार कर रहे थे. नोवामुंडी के क्रिकेट प्रेमियों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस जीत को यादगार बना दिया. देर रात तक आतिशबाजी और जश्न का सिलसिला चलता रहा और लोग भारतीय टीम की सफलता का जश्न मनाते रहे.
इसे भी पढ़ें: नोवामुंडी की चार आदिवासी बच्चियां तमिलनाडु में बंधक, ग्रामीणों ने विधायक से लगाई गुहार
