पश्चिमी सिंहभूम में 14 जुलाई को सभी पोलिंग बूथों पर बैठक, वोटर लिस्ट से हटेंगे फर्जी नाम

पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत 14 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए और चुनाव पाठशाला की बैठक होगी.

पश्चिमी सिंहभूम से शीन अनवर की रिपोर्ट

पश्चिमी सिंहभूम: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड सहित पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में आगामी 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की द्वितीय बैठक और चुनाव पाठशाला की द्वितीय बैठक का संयुक्त आयोजन एक साथ किया जाएगा. यह बैठक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सभी केंद्रों पर आयोजित होगी.

मतदाता सूची को सटीक बनाना है लक्ष्य

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इस विशेष बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अपडेटड बनाना है, ताकि आगामी चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और विश्वसनीय ढंग से संपन्न हो सकें. बैठक के दौरान मतदाता सूची के विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की जाएगी. इसमें विशेष रूप से प्रारूप एएसडीडी (ASDD) सूची पर चर्चा होगी, जिसके माध्यम से ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं या जो स्थायी रूप से कहीं और स्थानांतरित हो चुके हैं. इसके साथ ही अनमैप्ड (Unmapped) मतदाताओं के संबंध में भी विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को उसके वास्तविक पोलिंग बूथ से जोड़ा जा सके.

ये भी पढ़ें: देवघर में स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान: श्रावणी मेले में चलेंगी बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों की मनमानी पर लगेगी रोक

केवल भारतीय नागरिकों को ही अनुमति

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया में केवल भारतीय नागरिकों की ही भागीदारी मान्य होगी. किसी भी गैर-भारतीय नागरिक को इसमें शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यह व्यवस्था निर्वाचन प्रक्रिया की सुरक्षा और वैधानिक शुचिता बनाए रखने के लिए की गई है. जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व पोलिंग एजेंटों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) से इस बैठक में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है.

उपायुक्त मनीष कुमार ने क्या कहा

पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त (डीसी) मनीष कुमार ने जिलेवासियों से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को आयोजित होने वाली यह द्वितीय बैठक हमारी मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. हमारा संकल्प है कि 'कोई भी पात्र भारतीय नागरिक छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े नहीं.' जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया है कि जनसहभागिता और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से इस राष्ट्रीय दायित्व को पूरी तरह सफल बनाया जाएगा.

ये भी पढ़ें: पलामू : 25 वर्षों से सड़क का इंतजार, बारिश में गांव बन जाता है टापू, मरीजों को चारपाई पर ढोने को मजबूर ग्रामीण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >