प्रतिनिधि,गुवा
सारंडा और लोहांचल क्षेत्र में पिछले 15 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. बड़ाजामदा के मिडिल स्कूल एवं फुटबॉल मैदान क्षेत्र में जलभराव होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. लगातार बढ़ते जलस्तर से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो हर वर्ष की तरह इस बार भी कई घर जलमग्न हो सकते हैं. कुछ घरों में पानी प्रवेश करना शुरू हो गया है, जिसके बाद लोग अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहल करते हुए जेसीबी मशीन मंगाकर मिडिल स्कूल के समीप पुलिया और नालियों की सफाई का कार्य शुरू कराया है, ताकि जमा पानी की निकासी हो सके और लोगों के घरों में पानी घुसने से रोका जा सके. भारी बारिश का असर केवल बड़ाजामदा तक ही सीमित नहीं है. सारंडा के करमपदा, छोटानागरा, गंगदा समेत कई क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा राहत एवं बचाव के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है.
