प्रभात खबर इम्पैक्ट : नोवामुंडी में जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला का परिजनों से हुआ मिलन

Noamundi News : नोवामुंडी में कई दिनों से रेलवे फाटक के पास भूख और बीमारी से जूझ रही असहाय महिला को प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद नई जिंदगी मिली. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट 

Noamundi News : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी क्षेत्र में एक असहाय और बीमार महिला कई दिनों से नोवामुंडी रेलवे फाटक के पिलर नंबर 11 के नीचे भूख और बीमारी से जूझते हुए जीवन-यापन कर रही थी.  उसकी स्थिति अत्यंत दयनीय थी और वह जिंदगी एवं मौत के बीच संघर्ष कर रही थी. 

प्रभात खबर का असर, डीएलएसए ने लिया तत्काल संज्ञान

महिला की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रभात खबर के प्रतिनिधि ने मामले को प्रमुखता से उठाया और समाचार को प्रभात खबर के प्रिंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित किया. खबर सामने आने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), पश्चिमी सिंहभूम ने तत्काल संज्ञान लिया.

डीएलएसए की पहल पर महिला को मिला इलाज

प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन तथा डीएलएसए सचिव रवि चौधरी के नेतृत्व में महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई. उसका स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगन्नाथपुर में कराया गया, जहां एमओआईसी डॉ. जयंतो कुमार ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया.

पहचान के बाद परिजनों को सौंपा गया महिला को

उपचार के साथ-साथ महिला की पहचान और उसके परिजनों की तलाश का अभियान भी चलाया गया. लगातार प्रयासों और विभिन्न स्तरों पर समन्वय के बाद महिला की पहचान स्थापित हुई और उसके परिवार का पता लगाया जा सका. अंततः महिला को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

मीडिया और प्रशासन की पहल से महिला को मिला नया जीवन

इस मानवीय अभियान में पारा लीगल वॉलंटियर प्रमिला पात्रों और उमर सादिक की भूमिका भी सराहनीय रही. यह घटना इस बात का उदाहरण है कि मीडिया, प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता पहुंचाई जा सकती है. प्रभात खबर द्वारा प्रकाशित खबर के बाद हुई इस पहल ने न केवल एक असहाय महिला को नया जीवन दिया, बल्कि एक बिछड़े परिवार को फिर से मिलाने का कार्य भी किया.

यह भी पढ़ें: झारखंड में बड़ी सफलता: 5 लाख के इनामी और ‘झांगुर ग्रुप’ का सरगना रामदेव उरांव ने दो साथियों संग किया सरेंडर

यह भी पढ़ें: रांची के नामकुम ग्रिड में मरम्मत से रविवार को 3 घंटे गुल रहेगी बत्ती, मेन रोड-बरियातू समेत कई इलाके प्रभावित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >