नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
Noamundi Weather News: सोमवार सुबह से हो रही रिमझिम बारिश ने नोवामुंडी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. लगातार हो रही फुहारों से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. हालांकि, बारिश के साथ ही बिजली की बदहाल व्यवस्था और विभिन्न इलाकों में जलजमाव ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं. सबसे अधिक समस्या बिजली आपूर्ति को लेकर सामने आ रही है. रविवार को भी कई घंटों तक बिजली गुल रही और शाम को कटी बिजली देर रात बहाल हो सकी. सोमवार को भी सुबह से बिजली की आंख-मिचौली जारी है.
बारिश में बिजली गुल, लोगों में नाराजगी बढ़ी
हल्की बारिश और आसमान में बिजली चमकते ही विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पास के टिस्को क्षेत्र में दिनभर बिजली आपूर्ति सामान्य रहती है, लेकिन डीवीसी क्षेत्र में मामूली बारिश होते ही बिजली काट दी जाती है. लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर ऐसी कौन-सी तकनीकी समस्या है, जिसके कारण हर बारिश और घंटों बिजली बंद रखी जाती है.
बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा असर, मोमबत्ती के सहारे किया होमवर्क
बिजली नहीं रहने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ा. कई बच्चों को अंधेरे में मोमबत्ती और टॉर्च की रोशनी में अपना होमवर्क पूरा करना पड़ा, जबकि कुछ बच्चों ने देर रात बिजली आने के बाद पढ़ाई की. महिलाओं को भी घरेलू कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बिजली गुल रहने से कई घरों में पीने के पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं भी प्रभावित रहीं.
लो-वोल्टेज की समस्या से लोग बेहाल
लखन साई और थाना क्षेत्र में रात से ही लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही. लोगों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे अतिरिक्त परेशानी उत्पन्न हो रही है.
ओवरब्रिज में जलजमाव, आवागमन में दिक्कत
बारिश के कारण नोवामुंडी के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बन गई है. खासकर ओवरब्रिज के उपर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है. जलभराव के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि हर बारिश में ओवरब्रिज के ऊपर पानी भर जाता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. वहीं, पीएचसी परिसर में भी जलजमाव देखने को मिला, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवाजाही में कठिनाई हुई.
बारिश ने बिगाड़ी सब्जी विक्रेताओं की हालत
नोवामुंडी बाजार में फुटपाथ पर सब्जी बेचने वाले ग्रामीण विक्रेताओं की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं. बारिश के बीच कोई छाता लगाकर अपनी उपज बेचता नजर आया तो कोई भीगते हुए ग्राहकों का इंतजार करता रहा. कई विक्रेताओं को बारिश तेज होने पर अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा. इससे उनकी बिक्री प्रभावित हुई और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा. ग्रामीण विक्रेताओं का कहना है कि बारिश के कारण ग्राहक कम पहुंचे, जिससे दिनभर की कमाई पर असर पड़ा. कई सब्जियां भी पानी में भीगने से खराब हो गई.
लोगों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बारिश के दौरान बार-बार बिजली काटने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए. साथ ही ओवरब्रिज और अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों में बेहतर जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को हर वर्ष बारिश के मौसम में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े. बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन बिजली संकट, जलजमाव और रोजी-रोटी पर पड़े असर ने नोवामुंडीवासियों की चिंता बढ़ा दी है, बिजली कट रहने के कारण सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी सेंटर में बच्चे बिना पंखे के पढ़ाई करते नजर आए और काफी परेशान दिखे.
इसे भी पढ़ें: 103 दिन बाद फिर शुरू हुआ मनरेगा का काम, रोजगार सेवकों ने संभाली जिम्मेदारी
इसे भी पढ़ें: अलकतरा घोटाला मामले में ठेकेदार को 3 साल की सजा, 1 लाख जुर्माना
