नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत दूधविला और कुदापी जंगल के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना गुवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
साइकिल ठेलकर घर लौट रहे थे दोनों
जानकारी के अनुसार, बोलेरो ने साइकिल ठेलते हुए जा रहे दो ग्रामीणों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में सोमा चतोम्बा (लगभग 45 वर्ष), निवासी मुंडा साई, ग्राम दूधविला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं उनके साथी सुखराम चतोम्बा (लगभग 30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. बताया गया कि दोनों मजदूरी कर लौट रहे थे और कुदापी जंगल पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे हुई.
ग्रामीणों ने शुरू किया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. इसके बाद टाटा स्टील की एंबुलेंस से घायल सुखराम चतोम्बा को इलाज के लिए नोवामुंडी स्थित टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम तक उनका इलाज जारी था.
पुलिस ने शुरू की जांच
इधर, गुवा थाना प्रभारी और नोवामुंडी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतक का शव, दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और साइकिल को देर रात करीब 11 बजे नोवामुंडी थाना लाया गया. पुलिस ने बताया कि बुधवार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मृतक की पांच पुत्र और एक पुत्री है मृतक घर का कमाने वाले इकलौता सदस्य था घर के ऊपर टूटा दुखों का पहाड़
घर पर पसरा मातम
हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पांच बेटे और एक बेटी है. मृतक घर का कमाने वाले इकलौता सदस्य था. घर के ऊपर टूटा दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह भी पढ़ें: देवघर में चाय दुकान चलाने वाली महिला की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला खनन के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, तेतुलमारी राजगंज रोड को किया जाम
