नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
Noamundi News : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले नोवामुंडी थाना क्षेत्र में चोरों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला पचाई साई मुख्य मार्ग स्थित पूर्ति ढाबा के पास का है, जहां लखन साई निवासी जितेंद्र कुमार साह का खड़ा लाल रंग का ट्रैक्टर देर रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
खेत पहुंचते ही उड़े होश, मौके से गायब मिला ट्रैक्टर
जानकारी के अनुसार, जब सुबह जितेंद्र कुमार साह अपने लेबरों को ट्रैक्टर के पास ले जाने पहुंचे तो उन्होंने पाया कि ट्रैक्टर मौके से गायब है. यह देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन ट्रैक्टर का कोई पता नहीं चला.
सीसीटीवी सुराग के सहारे जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने नोवामुंडी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई. सूचना पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संधू पेट्रोल पंप के कैमरे में बुधवार देर रात करीब 3:34 बजे ट्रैक्टर को कोटगढ़ की ओर जाते हुए देखा गया है. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है.
लगातार चोरियों से क्षेत्र में भय का माहौल
इस वारदात ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं. दो दिन पहले ही पुलिस ने करीब 20 चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, बावजूद इसके चोरों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं.
ट्रैक्टर चोरी से लोगों में बढ़ी चिंता
लोगों का कहना है कि जब बड़े वाहन जैसे ट्रैक्टर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो छोटी गाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजमी है. ट्रैक्टर चोरी की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग आरटीए की नई सचिव बनीं सुजाता कुजूर, सड़क सुरक्षा और कानून अनुपालन पर रहेगा फोकस
यह भी पढ़ें: रामगढ़: रांची रोड रेलवे स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाओं की मांग, चेंबर ने रेल प्रशासन को भेजा पत्र
