नोवामुंडी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत, बीडीओ ने जिम्मेदारी निभाने की अपील की

Noamundi News: पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण कार्य का शुभारंभ हो गया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट 

Noamundi News: 16 मई से पश्चिम सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण का मकान गिनती कार्य शुरू हो गया है. इस मौके पर बीडीओ ने जनगणना से जुड़े सभी कर्मियों और जनप्रतिनिधियों से जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की.

232 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक की जिम्मेदारी

बीडीओ ने कहा कि नोवामुंडी प्रखंड के 232 क्षेत्रों में घरों की गिनती का काम 232 प्रगणक और 38 पर्यवेक्षक करेंगे. उन्होंने बताया कि यह सिर्फ घरों की गिनती नहीं, बल्कि आने वाले 10 साल की सरकारी योजनाओं की तैयारी का अहम हिस्सा है.

सरकारी योजनाओं के लिए अहम है जनगणना

उन्होंने जनगणना कर्मियों से कहा कि जब वे किसी घर पर नंबर लिखते हैं, तो उस परिवार की सरकारी पहचान बनती है. स्कूल, अस्पताल, चापाकल और दूसरी सुविधाओं की जानकारी से सरकार को यह समझने में मदद मिलेगी कि नोवामुंडी में और क्या विकास कार्य जरूरी हैं.

कोई घर न छूटे, कोई तथ्य गलत न हो

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी जनगणना कर्मियों से सही, समय पर और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा. उन्होंने कहा कि कोई भी घर छूटना नहीं चाहिए और गलत जानकारी दर्ज नहीं होनी चाहिए, क्योंकि छोटी गलती से किसी जरूरतमंद को सरकारी लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है. 

जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील

उन्होंने पर्यवेक्षकों को टीम का प्रमुख बताते हुए कहा कि वे जनगणना कर्मियों का सही मार्गदर्शन करें और काम के दौरान आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान करें. साथ ही मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, मुंडा, मानकी, सचिव और रोजगार सेवकों से भी जनगणना कार्य में पूरा सहयोग देने की अपील की गई. 

कठिन परिस्थितियों में भी जारी रहेगा कार्य

बीडीओ ने कहा कि यह सिर्फ विभागीय कार्य नहीं बल्कि नोवामुंडी के सम्मान और विकास से जुड़ा अभियान है. उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान धूप, बारिश, बंद घर या अन्य कठिनाइयां आएंगी, लेकिन सभी कर्मियों को निरंतर कार्य करते रहना है. जिला स्तर से प्राप्त होने वाली सामग्री एवं किट समय पर उपलब्ध कराई जाएगी तथा आईडी-पासवर्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सेंसेस सेल के तकनीकी विशेषज्ञ लगातार सहयोग करेंगे. अंत में उन्होंने सभी कर्मियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि उनका एचएलबी पूरे जिले में सर्वश्रेष्ठ बने.

यह भी पढ़ें: Ranchi: कारोबारी पर फायरिंग कराने वाला गिरफ्तार, अनिल टाइगर हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

यह भी पढ़ें: Ranchi: नियुक्ति के बाद भी स्टेट बार काउंसिल को देना होगा एडवोकेट का एनरोलमेंट सर्टिफिकेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >