गुवा से संदीप की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड मजदूर संघर्ष संघ कार्यालय में शुक्रवार देर शाम संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे की अध्यक्षता में संयुक्त यूनियन की बैठक आयोजित की गई. बैठक में सेल प्रबंधन द्वारा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने के निर्णय का विरोध करते हुए आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया.
शाम पांच बजे होगा विरोध-प्रदर्शन
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शनिवार शाम 5 बजे गुवा सेल के जनरल ऑफिस के सामने सेल प्रबंधन का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा. यूनियन नेताओं ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन में संयुक्त यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सेलकर्मी और ठेका मजदूर भी शामिल होंगे. उनका कहना है कि बायोमेट्रिक प्रणाली को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष है और प्रबंधन उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर रहा है.
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष ने क्या कहा?
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि सेल में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने के मामले में न्यायालय में बात विचाराधीन है. उन्होंने दावा किया कि न्यायालय ने आगामी 15 जून तक इस मामले में यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है. ऐसे में न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करने का प्रयास न्यायालय की अवमानना और संविधान की भावना के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि संयुक्त यूनियन न्यायपालिका का पूरा सम्मान करती है और 15 जून को न्यायालय जो भी निर्णय देगा, उसे सभी यूनियन स्वीकार करेंगी. फिलहाल, जब तक अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने के किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बारिश में नहीं रुकेगा सफर, NHAI ने शुरू किया ड्रेनेज सफाई का विशेष अभियान
यह भी पढ़ें: Dhanbad: युवा संगम में मध्य प्रदेश का 56 सदस्यीय दल पहुंचा IIT धनबाद, झारखंड की संस्कृति से हुए रू-ब-रू
