गुवा से संदीप गुप्ता की रिपोर्ट
West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र की पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक भटके युवक को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने की पहल की है. गुवा थाना क्षेत्र के सेवा नगर निवासी 35 वर्षीय संदीप सिंह, पिता धरम सिंह, किसी कारणवश भटककर कराईकेला क्षेत्र पहुंच गए थे. युवक की स्थिति और पहचान स्पष्ट नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई थी.
जानकारी मिलते सक्रिय हो गए थाना प्रभारी
जैसे ही इस मामले की जानकारी गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार को मिली, उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए. थाना प्रभारी ने संदीप सिंह की तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा करवाई और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू की.
सोशल मीडिया और स्थानीय सूचना तंत्र बना मददगार
गुवा पुलिस की सक्रियता का सकारात्मक परिणाम जल्द ही सामने आया. फोटो साझा होने के बाद लोगों ने युवक की पहचान गुवा के सेवा नगर निवासी संदीप सिंह के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए युवक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी. बताया गया कि युवक को सुरक्षित वापस गुवा लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. परिजनों को कराईकेला थाना भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि संदीप सिंह को सकुशल घर वापस लाया जा सके.
मानवीय पहल की हो रही सराहना
इस घटना के बाद गुवा पुलिस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सजगता और संवेदनशीलता के कारण एक परिवार को बड़ी राहत मिली है. लोगों ने थाना प्रभारी नीतीश कुमार के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस यदि इसी तरह मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करती रहे तो आम लोगों का भरोसा और मजबूत होगा. ग्रामीणों ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया और त्वरित पुलिस कार्रवाई का सही उपयोग किसी की जिंदगी और परिवार दोनों को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकता है. गुवा पुलिस ने जिस तेजी से युवक की पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई, वह सराहनीय है.
इसे भी पढ़ें: गुमला के सदर अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था बदहाल, महिलाओं का अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू
पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी गंभीरता से निर्वहन कर रही है. गुवा थाना पुलिस की इस मानवीय पहल ने लोगों के बीच सकारात्मक संदेश दिया है. क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ आम लोगों की सहायता करता रहेगा.
इसे भी पढ़ें: सरायकेला के कांड्रा में बैंक मैनेजर से रंगदारी मांगने वाला धराया, भेजा गया जेल
