चक्रधरपुर से रविशंकर मोहंती की रिपोर्ट
Mob Lynching Case: झारखंड में इन दिनों बच्चा चोर की अफवाहों के कारण भीड़ द्वारा लोगों की पिटाई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इसी सिलसिले में सोमवार को चक्रधरपुर प्रखंड के हाथिया पंचायत स्थित रामडा गांव में एक वृद्ध महिला को बच्चा चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने बेरहमी से पीट दिया. इस महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
वृद्ध महिला को कई जगहों पर गंभीर चोटें
जानकारी के अनुसार, रामडा गांव में एक अज्ञात वृद्ध महिला के पहुंचने पर कुछ लोगों को उस पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ. देखते ही देखते अफवाह फैल गई और गुस्साए ग्रामीणों ने वृद्ध महिला को घेरकर उसकी जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान महिला का सिर में सूजन हो गया और उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. पिटाई के बाद महिला बुरी तरह जख्मी हो गईं.
नाम-पता नहीं बताने पर हो गई पिटाई
ग्रामीणों का कहना है कि महिला बच्चा चोरी के इरादे से गांव में आई थी. हालांकि, जब महिला से पूछताछ की गई, तो वह अपने बारे में ठीक से कोई जानकारी नहीं दे सकी. इसी से लोगों को उस पर शक हो गया. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
झारखंड में पहले भी हो चुकी है निर्दोषों की पिटाई
हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई जगहों पर भीड़ द्वारा निर्दोष लोगों की पिटाई की घटनाएं सामने आई हैं. कई मामलों में मानसिक रूप से विक्षिप्त या भटककर आए लोगों को बच्चा चोर समझकर पीट दिया गया, जिससे उनकी मौत तक हो चुकी है. ऐसी घटनाओं से पुलिस की चिंता भी बढ़ गई है. पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि बच्चा चोरी के संदेह में किसी के साथ मारपीट करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि मामले की सही जांच हो सके.
परिजनों का पता लगा रही पुलिस
इधर चक्रधरपुर के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत रामडा गांव पहुंचे और महिला को सुरक्षित पीसीआर वैन में बिठाकर चक्रधरपुर थाना ले आए. इससे पहले पुलिस के द्वारा महिला की चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज भी करवाया गया. थाना प्रभारी का कहना है कि महिला के घरवालों का पता लगाकर उसे उसके घर तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: हाईकोर्ट में 4 हफ्ते के लिए टली जमशेदपुर के जेएनसी की सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट से मिल चुका है स्टे
कानून को हाथ में ना ले भीड़
पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें: बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट
