चक्रधरपुर से अनिल तिवारी की रिपोर्ट
Water Supply: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के भगत सिंह चौक के दोनों छोर पर बसे वार्ड नंबर 3 और वार्ड नंबर 7 के लोगों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया. वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे इन इलाकों में अब पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है. स्थानीय लोगों को अब पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा.
विधायक की पहल से संभव हुआ काम
इस पूरे कार्य को संभव बनाने में स्थानीय विधायक सुखराम उरांव की अहम भूमिका रही. क्षेत्रवासियों की समस्या उनके संज्ञान में आने के बाद उन्होंने त्वरित पहल की. उनके निर्देश पर बोरिंग कराई गई और इसके बाद पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से पूरा किया गया. इससे दोनों वार्डों में स्थायी जल समाधान सुनिश्चित हो सका.
उद्घाटन के साथ जलापूर्ति शुरू
रविवार को मोटर पंप में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित होते ही जलापूर्ति का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस मौके पर नगर अध्यक्ष सन्नी उरांव और नगर उपाध्यक्ष विजय कुमार साव मौजूद रहे. नगर अध्यक्ष ने पारंपरिक तरीके से नारियल फोड़कर उद्घाटन किया, जिसके बाद बटन दबाकर घर-घर पानी की सप्लाई शुरू की गई. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे.
लोगों की परेशानी हुई दूर
नगर अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि वार्ड नंबर 3 और 7 के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे थे. खासकर गर्मी के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे. अब पाइपलाइन के माध्यम से हर घर तक पानी पहुंचने से लोगों की दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो सकेंगी और उन्हें राहत मिलेगी.
स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल
जैसे ही घरों में पानी पहुंचा, मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई. लोगों ने इस पहल के लिए विधायक सुखराम उरांव और नगर परिषद के प्रतिनिधियों का आभार जताया. स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह योजना उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है, क्योंकि अब उन्हें पानी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी.
इसे भी पढ़ें: विष्णुगढ़ दरिंदगी मामले में हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, डीजीपी और एसपी को नोटिस जारी
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मौजूदगी
इस मौके पर नगर परिषद के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में वार्ड निवासी उपस्थित रहे. सभी ने इस कार्य को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में भी इसी तरह की जनहितकारी योजनाएं लागू होती रहेंगी.
इसे भी पढ़ें: खूंटी के मुरहू में तीसरे दिन भी धारा 163 लागू, चौतरफा पसरा सन्नाटा
