गड़बड़ी व कम मजदूरी देने का विरोध, बिना सुरक्षा मजदूरों से काम लेने का आरोप
किरीबुरु : राजाबेड़ा में चल रहे पुल निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने मुंडा जामदेव चाम्पिया के नेतृत्व में मंगलवार को निर्माण कार्य रोक दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि पुल निर्माण में लगे मजदूरों को कम मजदूरी दी जा रही है. मुंशी राजेश कुजूर के साथ मजदूरों की कहासुनी भी हुई. मजदूर बेहरा सोरेन, टुपुर चाम्पिया, सोनिया चाम्पिया, सुखराम अंगारिया, बिंजाय चाम्पिया, सोनाराम, ओड़ेया, दुला देवगम, माचू चाम्पिया आदि ने बताया कि मजदूरों को मात्र 120 रुपये दिये जा रहे हैं. गमला, कुदाल, हैमर आदि भी नहीं दिया गया है.
विधानसभा में उठेगा मामला : मधु कोड़ा
ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने पुल निर्माण कार्य का जायजा लिया. पूर्व सीएम ने कहा मजदूरों मात्र 120 रुपये दिया जा रहे हैं. ठेकदार मजदूरों के साथ मनमानी कर रहा है. इस मामले को जगन्नाथपुर विधायक के माध्यम से विधानसभा में उठवाने बात मधुकोड़ा ने कही.
24 जुलाई को धंसा था पुल
45 लाख रुपये से पुल का निर्माण कराया जा रहा था. बीते 24 जुलाई को पहली बारिश में पुल पूरी तरह से धंस गया था. संवेदक राज यादव ने असामाजिक तत्वों द्वारा पुल तोड़ने की आशंका जतायी थी. मामला सामने आने पर डीसी ने संवेदक को अपने खर्च से पुल का निर्माण का आदेश दिया था. इसे लेकर पुल का निर्माण कार्य हो रहा है.
आठ घंटा से कम कार्य कर रहे मजदूर : संवेदक
संवेदक राज यादव ने बताया कि मजदूरों से सिर्फ मलबा साफ कराने का काम लिया जा रहा है. इस कारण 120 रुपये का भुगतान हो रहा है. बाद में न्यूनतम मजदूरी दी जायेगी.
लौहांचल में हुई जोरदार बारिश
. सोमवार की मध्य रात्रि सारंडा व लौहांचल में मूसलाधार बारिश हुई. तेज हवा के साथ वज्रपात भी हुआ. तेज हवा के कारण विद्युत सेवा ठप रही.
मोबाइल के टावर कार्य नहीं कर रहे थे. एटीएम सेवा बाधित रही. इससे आम लोगों व सीआरपीएफ के जवानों को काफी परेशानी हुई.
पुल का निरीक्षण करते मधु कोड़ा व न्यूनतम मजदूरी का नहीं देने का विरोध करते मजदूर. बिना सुरक्षा उपकरण के कार्य करता मजदूर.
