होसन्ना गीत से गूंज उठा नोवामुंडी, हर्षोल्लास से मनाया गया पाम संडे

Noamundi Palm Sunday: नोवामुंडी के सेंट मैरी चर्च में पाम संडे श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. खजूर की डालियों के आशीर्वाद, भव्य शोभायात्रा और होसन्ना गीतों से माहौल गूंज उठा. फादर जॉर्ज एक्का ने होली वीक और गुड फ्राइडे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रार्थना और उपवास का संदेश दिया. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट

Noamundi Palm Sunday: नोवामुंडी स्थित सेंट मैरी चर्च परिसर में खजूर पर्व (पाम संडे) अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह 7:30 बजे से ही बड़ी संख्या में मसीही श्रद्धालु चर्च में जुटने लगे. पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा, उल्लास और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया.

खजूर की डालियों के आशीर्वाद से शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत पुरोहित द्वारा खजूर की डालियों पर आशीष प्रदान करने के साथ हुई. यह परंपरा प्रभु यीशु मसीह के स्वागत और उनके प्रति अटूट आस्था का प्रतीक मानी जाती है. श्रद्धालु इन पवित्र डालियों को अपने साथ लेकर प्रभु के प्रति समर्पण व्यक्त करते हैं.

भव्य शोभायात्रा ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा

इसके बाद प्रभु यीशु मसीह के येरूसलम प्रवेश की स्मृति में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई. यह शोभायात्रा पुराने गिरजाघर से शुरू होकर टाटा स्टील के केमिस्ट्री लैब मार्ग से होते हुए पुनः चर्च परिसर में समाप्त हुई. पूरे रास्ते “दाऊद के पुत्र को होसन्ना” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए.

पवित्र मिस्सा और प्रेरणादायी प्रवचन

शोभायात्रा के पश्चात पवित्र मिस्सा बलिदान पल्ली पुरोहित फादर जॉर्ज एक्का द्वारा सम्पन्न कराया गया. अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि खजूर रविवार के साथ ही पुण्य सप्ताह (हॉली वीक) की शुरुआत होती है. यह समय प्रभु यीशु मसीह के त्याग, दुखभोग और पुनरुत्थान को आत्मसात करने का अवसर है.

गुड फ्राइडे को लेकर दिया संदेश

फादर जॉर्ज एक्का ने श्रद्धालुओं से गुड फ्राइडे के दिन उपवास, प्रार्थना और परहेज रखने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इस पवित्र समय में आत्मिक शुद्धि और प्रभु के प्रति समर्पण को और मजबूत करना आवश्यक है.

बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित

इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया. कार्यक्रम में फादर जॉर्ज एक्का, सिस्टर लिसयू, सलोमी धनवार, अनुपम शिशिर धनवार, किशोर धनवार, रवि वेक, बीनसेट एक्का, अजीत होरो, मनोज लकड़ा, हरिसन टियू, अनुभा प्रीति कुजुर, हेम गुलाबी एक्का, संगीता लकड़ा और प्रतिमा कांडुलना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में शिक्षकों ने लगाई दौड़, बनाई पेंटिंग और फिर निबंध भी लिखा, मिला पुरस्कार

एकता और आध्यात्मिक जागृति का संदेश

यह आयोजन केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि ईसाई समुदाय के बीच प्रेम, एकता और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक भी बना. पाम संडे के इस उत्सव ने सभी श्रद्धालुओं को प्रभु के मार्ग पर चलने और जीवन में सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया.

इसे भी पढ़ें: रांची में बन रही मेगा लाइब्रेरी में पढ़ें 5000 बच्चे, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >