मनोहरपुर में भीषण सड़क हादसा : पुल के नीचे गिरी बारातियों से भरी पिकअप, 2 की मौत

West Singhbhum Road Accident: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उंधन गांव के पास सोमवार सुबह एक पिकअप वैन (JH 06 C/7345) अनियंत्रित होकर 10 फीट गहरे पुल के नीचे गिर गई. हादसे में बारंगा के 12 वर्षीय रोहन गोप और गोपीपुर के 25 वर्षीय दशरथ सरदार की मौके पर ही मौत हो गई. छह अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राउरकेला रेफर किया गया है.

मनोहरपुर, (राधेश सिंह की रिपोर्ट): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की तड़के सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. इस घटना में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. ये हादसा उस वक्त हुआ जब उंधन गांव के समीप बरातियों को लेकर वापस लौट रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी.

कैसे हुई दुर्घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम मनोहरपुर के बारंगा गांव से बारात आनंदपुर थाना क्षेत्र के समीज गांव गई थी. वाहन संख्या JH 06 C/7345 में साउंडबॉक्स (बाजा) लेकर कुछ युवक बारात में शामिल होने गए थे. सोमवार सुबह करीब 3:40 बजे जब बारात लगाकर वाहन वापस बारंगा लौट रहा था, तभी उंधन गांव के पास चालक ने संतुलन खो दिया. वाहन सड़क के किनारे बने 10 फुट से ज्यादा गहरे पुल के नीचे जा गिरा.

Also Read: Sahibganj News: शादी के रिसेप्शन से लौट रही स्कॉर्पियो पलटी, बहन के हाथों की मेहंदी उतरने से पहले उठा भाई का साया

हताहत और बचाव कार्य

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. वाहन में सवार युवकों ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए. वहां चिकित्सकों ने 12 वर्षीय रोहन गोप (बारंगा) और 25 वर्षीय दशरथ सरदार (गोपीपुर) को मृत घोषित कर दिया.

घायलों की स्थिति

हादसे में गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए ओडिशा के राउरकेला रेफर किया गया है. घायलों की सूची इस प्रकार है

  • सूरज महतो (22 वर्ष, गोपीपुर)
  • गोपी मोदी (18 वर्ष, बारंगा)
  • राहुल गोप (20 वर्ष, गोपीपुर)
  • सौरभ लोहार (16 वर्ष, बारंगा)
  • शिशुपाल मोदी (26 वर्ष, गोपीपुर)
  • सुरेश गोप (48 वर्ष, मैदासाई)

पहुंचीं मुखिया

घटना की सूचना मिलते ही बारंगा पंचायत की मुखिया ओनामी कोड़ा अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने घायलों को बेहतर अस्पताल रेफर करवाने में सहायता की और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी. इधर, वाहन मालिक के प्रयासों से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को पुल के नीचे से निकाल लिया गया है.

Also Read: आजादी के दशकों बाद भी ‘खटिया’ ही एंबुलेंस: झारखंड के सरायकेला में सड़क के अभाव में बीमार को 2 KM ढोया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >