बोर्ड में पंखे का तार जोड़ने के क्रम में घटी घटना
सिंबिया गांव की रहने वाली थी बिरंग तुबिड
चाईबासा : मुफ्फसिल थाना अंतर्गत सिंबिया गांव निवासी बिरंग तुबिड (12) की करंट लगने से मौत हो गयी. घटना बुधवार रात करीब नौ बजे की है. आनन-फानन में उसे रात को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. घटना काे लेकर मृतका के चाचा रेंसो तुबिड ने बताया कि बुधवार रात घर में भतीजी बिरंग तुबिड पंखा स्टार्ट करने के लिए उसका तार बोर्ड में लगा रही थी. इसी दौरान उसे बिजली का जोर का झटका लगा और वह जमीन पर गिर गयी. जब उसकी बड़ी दीदी घर के अंदर घुसी, तो बिरंग को जमीन पर गिरा पाया. और उसके ऊपर स्टैंड पंखा भी गिरा हुआ था. इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गयी. उसे अस्पताल पहुंचाया गया. उन्होंने बताया कि तीन बहनों में मृतका सबसे छोटी बेटी थी.
