कुसुमडीह जंगल के रास्ते रात में गुजर रहा था डंपर, दो लोग गंभीर
मृतक सुनील मुंडा व घायल दोनों बाउरकेला गांव के रहने वाले
लोहनीपाड़ा थाना पुलिस घटना की जांच में जुटी
किरीबुरू : अोड़िशा के लोहनीपाड़ा थाना अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित कुसुमडीह जंगल से गुजर रही डंपर पर कथित नक्सलियों द्वारा की गयी फायरिंग से चालक सुनील मुंडा की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि डंपर पर सवार फ्रांसिस मुंडा एवं टुईचा मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये. इनका मृतक सुनील मुंडा एवं दोनों घायल युवक बाउरकेला गांव के रहने वाले हैं. घटना मंगलवार रात करीब बारह बजे की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार एक डंपर पर सवार होकर बाउरकेला गांव के ग्रामीण अपने ही गांव के ऊपर बस्ती टोला स्थित किसी के घर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने गये थे.
खाना खाकर रात बारह बजे के करीब डंपर से सभी नक्सल प्रभावित जंगल के रास्ते से लौट रहे थे. इसी दौरान डंपर पर सवार किसी ग्रामीण ने रात के अंधेरे में कथित नक्सलियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में टार्च लाइट जला दी. इससे हथियारबंद कथित नक्सलियों को लगा की डंपर पर पुलिस है और उनके द्वारा टार्च जलायी गयी. इसके बाद बिना विलंब किये डंपर पर फायरिंग कर दी गयी. इस फायरिंग में डंपर चाल रहे सुनील मुंडा की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गयी. इधर, लोहनीपाड़ा थाना पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है.
