चाईबासा : रेलवे के ग्रुप डी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के एक मामला चार साल बाद सदर थाने में दर्ज कराया गया है. इस संबंध में पीड़ित न्यू कॉलोनी नीमडीह, चाईबासा निवासी अंबिका रजक ने 13 जनवरी 10 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में शिकायतवाद दायर किया था.
न्यायालय के आदेश पर सदर थाने में एक जून 13 को मामला दर्ज कराया गया है. इस मामले में अली राजा जयदी (रांची), जयराम नायक (हरिजन हार्टिंग झींकपानी), राजू उर्फ मुख्तर व कैथल उर्फ मानसव को आरोपी बनाया गया है. दर्ज मामले में उन्होंने बताया है उक्त आरोपियों ने मिलकर उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था. झांसे में आने के बाद उसे कोलकाता ले गये थे.
जहां उसे बताया गया कि ग्रुप ‘डी’ में 1.50 लाख, ग्रुप ‘सी’ में 2.30 लाख व ग्रुप ‘बी’ में नौकरी के लिए 2.50 लाख रुपये लगेगा. जिस पर उसने ग्रुप ‘डी’ की नौकरी करने की बात कही. इसके एवज में उसे 50 फीसदी रकम जमा करने को कहा गया. उसे यह भी बताया गया कि 27 सितंबर 09 को मेडिकल जांच होगी तथा 10 अक्तूबर 09 को नौकरी में ज्वाइनिंग करना है. झांसे में आकर 20 फीसदी रकम जमा कर दिया था.
मेडिकल जांच व ज्वाइनिंग तिथि की समय सीमा गुजर जाने पर उसने आरोपियों से संपर्क करना चाहा था, परंतु किसी से संपर्क नहीं हो पाया. जिस पर उसने एक जनवरी 10 को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में शिकायतवाद दायर किया था.
