चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड क्षेत्र के आसनतलिया पंचायत के भालियाकुदर संजय नदी के किनारे स्थित मुखी समाज कब्रिस्तान में अवैध खनन मामले की जांच करने बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप प्रसाद भालियाकुदर पहुंचे और लोगों से बातचीत की. इस दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि भालियाकुदर कब्रिस्तान में डेढ़ सौ सालों से शहर के विभिन्न क्षेत्र में रहने वाले मुखी समाज के लोग शव को दफनाते आ रहे हैं. लेकिन कुछ खनन माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन को अपनी जमीन बता कर कब्रिस्तान की खुदाई कर बालू का खनन किया जा रहा है.
कब्रिस्तान में हुई बालू खनन से दफनाये गये शवों का कंकाल भी दिखने लगा है. ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की अपील की गयी. अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप प्रसाद ने स्थल निरीक्षण के पश्चात कहा कि अवैध रूप से जिस भी ट्रैक्टर मालिक ने मिट्टी व बालू का उठाव किया है, इसकी जांच के पश्चात कार्रवाई की जायेगी. जांच के लिए अंचलाधिकारी अमर जॉन आईंद को निर्देश दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी. मौके पर सुकुरमुनी मुखी, सायबनी देवी, दुखनी मुखी, दुखी मुखी, शांति देवी, राजेश मुखी, गुरु मुखी, अमन मुखी, विजय मुखी, प्रदीप मुखी, दिलीप मुखी, छोटे मुखी, राजा मुखी समेत अन्य मौजूद थे.
