चक्रधरपुर : नशापान को छोड़ लोग शिक्षित बने, तभी समाज का विकास संभव है. शराब समाज का विनाशक है. शराब से लोग दूर रह कर अपने बच्चों व परिवार को शिक्षित करें. उक्त बातें बुधवार को केंदो पंचायत स्थित देवगांव कोलसाई में आयोजित बैठक में विधायक शशिभूषण सामड ने कही.
उन्होंने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार को स्कूल खोलने व शिक्षकों की बहाल करने की जरूरत है. लेकिन सरकार स्कूलों का विलय करके शिक्षा स्तर को घटा रही है. पूरे राज्य में शराबबंदी होना चाहिए. लेकिन सरकार स्वयं शराब बेच रही है. इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने विधायक श्री सामड से गांव में डीप बोरिंग, जलमीनार, चापाकल, पांच सौ फीट पीसीसी सड़क व नाली निर्माण कराने की मांग की. जिस पर विधायक श्री सामड ने कहा कि विधायक निधि से पीसीसी सड़क व नाली का निर्माण शीघ्र कराया जायेगा.
बैठक में लोगों का नया आधार कार्ड बनाने व संशोधन करने, अनुमंडल अस्पताल में शिविर लगा कर दिव्यांगों की जांच करने, वृद्धा, विधवा व दिव्यांगों को पेंशन का लाभ दिलाने, जरूरत मंद लोगों को पीएम व इंदिरा आवास योजना का लाभ दिलाने आदि पर भी चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता मुखिया शांति देवी ने की. मौके पर उप मुखिया अब्बास अली, वार्ड सदस्य मुक्ता जामुदा, भीमसेन होनहागा, सरोज प्रधान, नकुल चंद्र महतो, सेविका शिवन देवी, कान्हू सुरीन, अमीत होनहागा, मनोहर बानसिंह, बानसी जामुदा, बलभद्र गोप समेत अन्य मौजूद थे.
