चाईबासा : चाईबासा- सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के बीच रुंगटा गार्डेन के पास अप लाइन पर गुरुवार को पुलिस ने एक शव बरामद किया. शव का एक हाथ कटा हुआ था. पुलिस के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है. पुलिस को मृतक की जेब से उसका आधार कार्ड मिला है. इसमें उसका नाम प्रधान हेम्ब्रम लिखा हुआ है. वहीं पता पुरुलिया (बंगाल) लिखा हुआ है. गुरुवार की सुबह 10:30 बजे मुफ्फसिल थाना घटना स्थल पर पहुंची. वहां से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
मृतक का कोई परिजन नहीं आने के कारण शव को पोस्टमार्टम हाउस के शीतगृह में रख दिया गया है. व्यक्ति का दाहिना हाथ कटा हुआ है. पुलिस ने बताया कि आशंका है कि ट्रेन से गिरने से उसका हाथ कट गया है. इसके कारण उसकी मौत हो गयी. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. उसकी जेब से ट्रेन का टिकट नहीं मिला है. ऐसे में पुलिस हर बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है.
