मनोहरपुर/किरीबुरू : झारखंड की सीमा से सटे ओड़िशा के बिसरा थानांतर्गत बागडेगा साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े एक धान व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना को लूट की कोशिश में अंजाम दिया गया. प्रथम दृष्टया इसमें पीएलएफआइ का हाथ होने की आशंका जतायी जा रही है. पुलिस […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
मनोहरपुर/किरीबुरू : झारखंड की सीमा से सटे ओड़िशा के बिसरा थानांतर्गत बागडेगा साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े एक धान व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना को लूट की कोशिश में अंजाम दिया गया. प्रथम दृष्टया इसमें पीएलएफआइ का हाथ होने की आशंका जतायी जा रही है. पुलिस मामला दर्ज कर अनुसंधान में जुटी है. बताया जाता है कि बारिलिप्टा गांव निवासी हरिदर्शन साहू (43) क्षेत्र का प्रसिद्ध धान व्यापारी था.
वह अपने घर से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित बागडेगा साप्ताहिक बाजार में धान बेचने आया था. सुबह करीब 11 बजे एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद युवक बाजार में पहुंचे और हरिदर्शन के पास रखे पैसे के बैग को छीनने की कोशिश की. हरि दर्शन ने बैग बचाने के लिए संघर्ष किया
इसी दौरान अपराधियों ने उसे गोली मार दी. हरिदर्शन पर पांच गोली चलायी गयीं जिनमें दो गोलियां उसके सीने में लगीं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी.
घटना के बाद बाजार में मौजूद स्थानीय लोगों ने बिसरा पुलिस को सूचना दी. राउरकेला एसपी डॉ उमाशंकर दास, डीएसपी पीके मिश्र, बंडामुंडा थाना प्रभारी शुशांत दास समेत बिसरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गयी. घटनास्थल से गोली के खोखे मिले हैं. पुलिस ने मृतक शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लूट में नाकाम रहने पर चलायी गोलियां, पीएलएफआइ का हाथ होने की आशंका
पांच में से दो गोलियां सीने में लगीं, मौके पर मौत, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
तीन घंटे सड़क जाम
वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने बागडेगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. एसपी की ओर से अपराधियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन मिलने पर करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया.