चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले को कुपोषण मुक्त करने व जल संकट से निजात दिलाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने मंगलवार को पुराना उपायुक्त कार्यालय सामने धरना-प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकू ने कहा कि पश्चिम सिंहभूम जिला राज्य में सबसे अधिक कुपोषण से ग्रसित है. यहां के बच्चों की मृत्यु दर सबसे अधिक है.
कुपोषण उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग को संवेदनशील होना होगा. दिन में आयरन की गोलियां भी वितरित करनी होगा. कहा कि जिले के सेल, टाटा स्टील, एसीसी सहित दर्जनों कंपनियों से सैकड़ों करोड़ रुपये डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड में जमा है. इस फंड से जिला की जनता को मूलभूत सुविधा मुहैया करानी चाहिए.
माल ढुलाई करने वाले भारी वाहनों को शहर में इंट्री पर रोक लगानी चाहिए. साथ ही बड़ाजामदा, नोवामुंडी, जगन्नाथपुर मुख्य बाजार में भारी वाहन से धूल-धक्कड़ से बचाने के लिए पानी का छिड़काव हो. धरने के दौरान चंद्रशेखर दास, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष जयारानी पाड़ेया, राधा मोहन बनर्जी, जोसेफ पुरती, महावीर बिरुली, सनातन बिरुआ, चांदमनी बलमुचु, नीला नाग, मनोरंजन दास आदि ने भी संबोधित किया.
