10 लाख मुआवजा व अतिरिक्त बस स्टैंड की मांग
उपजिलापाल के आश्वासन पर हटाया गया जाम
जैंतगढ़ : चंपुआ महिला कॉलेज के इंटर की छात्रा सरिता प्रधान की सोमवार को सड़क दुर्घटना में मौत के विरोध में मंगलवार को 5 घंटे चंपुआ- क्योंझर मुख्य मार्ग विद्यार्थियों ने जाम रखा. चंद्रशेखर कॉलेज व महिला कॉलेज के विद्यार्थियों ने सुबह सात बजे से मध्याह्न 12 बजे तक सड़क जाम रखा. विद्यार्थियों ने सरिता प्रधान के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, कॉलेज के लिये अतिरिक्त बस पड़ाव और कॉलेज के आसपास स्पीड ब्रेकर की मांग की.
सूचना पाकर चंपुआ उपजिलापाल पारुल पटाउरी, तहसीलदार शेष देव मिश्रा व चंपुआ के सब इंस्पेक्टर एसआइ कपाच जाम स्थल पर पहुंचे. उन्होंने छात्रों से वार्ता की. उन्होंने तत्काल 10 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की. 100 मीटर की दूरी पर स्पीड ब्रेकर लगाने, अतिरिक्त बस स्टॉप बनाने और मुआवजा के संबंध में वरीय पदाधिकारियों से वार्ता का आश्वासन दिया. इसके बाद सड़क जाम हटाया गया.
गौरतलब हो कि सोमवार को सरिता प्रधान अपने घर साननई से बस पर महिला कॉलेज आ रही थी. बस से उतरकर कॉलेज जाने के क्रम में गेट के बाहर ऑटो के धक्के से उसकी मौत हो गयी थी.
