चाईबासा : मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट केंद्रीय समिति की मासिक बैठक बुधवार को मंगलाहाट के मानकी मुंडा विश्रामालय सह कार्यालय में हुई. इसकी अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष युगल किशोर पिंगुवा ने की. युगल किशोर पिंगुवा ने कहा कि यदि सरकार कोल्हानवासियों की जन भावना का सम्मान नहीं करेगी, तो आक्रोश का सामना करना पड़ेगा.
रामेश्वर सिंह कुंटिया ने कहा कि आदिवासियों की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था (मानकी मुंडा स्वशासन व्यवस्था) को कमजोर करने की कोशिश हो रही है. इसके लिये सबसे पहले मुंडा व मानकी की नियुक्ति में जिला प्रशासन आनाकानी या फेंका-फेंकी का रवैया अपना रहा है. नियुक्ति प्रक्रिया में जबरन ग्राम सभा करायी जा रही है,
ताकि गांवों में किसी तरह से विवाद उत्पन्न हो जाये. वहीं सालों साल यह प्रक्रिया अधर में लटका रहे. मुंडा या मानकी नियुक्ति में ग्राम सभा आयोजित करने का प्रावधान सामान्य परिस्थिति में नहीं है. केवल विशेष परिस्थिति में ही ग्राम-सभा की आवश्यकता होती है. श्री कुंटिया ने आगामी 19 सितंबर को खूंटपानी अंचल के मानकी मुंडा संघ सभागार में विधायक दशरथ गागराई द्वारा संघ को चाबी सुपुर्द कार्यक्रम में मानकी, मुंडा व डाकुआ को शामिल होने का आग्रह किया है. मानकी मुंडाओं का हक अधिकार को लेकर संघ हमेशा संघर्ष करता रहेगा.
