हाटगम्हरिया : हाटगम्हरिया पुलिस ने पी बालजुड़ी क्षेत्र सड़क किनारे स्थित एक कुएं से किसान का सड़ा गला शव बरामद किया है. शव की पहचान बुरूबालजोड़ी निवासी दुषा गागराई (50) के रूप में की गयी है. शव सड़ जाने से जख्म के किसी तरह के निशान नहीं पाये गये हैं. घरवालों के मुताबिक वह 6 सितंबर से वह लापता था.
उस दिन वह पी बालजोड़ी स्थित क्रशर मैदान में चल रहे फुटबॉल का फाइनल मैच में शामिल होने गया था. इसके बाद से वह नहीं लौटा. सोमवार को पी बालजोड़ी क्षेत्र के सड़क से तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित उक्त कुएं से बदबू आने पर लोगों ने जा कर देखा, तो एक शव को तैरता पाया. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी. पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला.
इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान करायी गयी. इस दौरान शव की पहचान बुरूबालजोड़ी निवासी दुषा गागराई के रूप में हुई. परिवारवालों ने दुषा की हत्या करने का संदेह जताया है. पुलिस इस संबंध में एक अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है.
