गिरफ्तार हुए दो आरोपी डिबु बरजो व चिंगरू बरजो
मुख्य आरोपी रामे लोहार अब भी है फरार
प्रेम प्रसंग का निकला मामला
गोइलकेरा : कातिंगकेल गांव के दो युवकों की सेरंगेदा बाजार से घर लौटने के क्रम में 5 अगस्त को की गयी हत्या की गुत्थी गोइलकेरा पुलिस ने सुलझा ली है एवं दो आरोपी डिबु बरजो व चिंगरू बरजो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
प्रेम प्रसंग निकला हत्या का कारण: गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपी डिबु बरजो (20) व चिंगरू बरजो (16) ने बताया कि प्रेम प्रसंग के कारण हत्या की गयी. दरअसल इस दोहरे हत्याकांड में तीन लोगों ने मिलकर दो लोगों की हत्या कर दी. इसमें तीसरा मुख्य आरोपी जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी प्रेमिका से मृतक लजार व ओमलेन इश्क करते थे. जो तीसरा आरोपी बर्दाश्त नहीं कर सका तथा सुनियोजित प्लान के तहत दोनों की हत्या कर शव को नदी में फेंक कर घर चला गया. कैसे की गयी हत्या:
गिरफ्तार दोनों आरोपी डिबु व चिंगरू के मुताबिक हत्या वाले दिन दोनों मृतक लजार व ओमलेन सेरेंगदा बाजार से कातिंगकेल जाते समय कोमसाई गांव में रामे लोहार (22) के घर पर रुके थे. वहीं पर रामे ने उसी गांव के निवासी डिंबु व चिंगरू को भी बुलाया तथा लजार एवं ओमलेन को कातिंगकेल छोड़ने साथ में निकले चलने को कहा. लेकिन रास्ते में ही कोमसाई नाले के समीप रामे ने हाथ में पकड़े दाउली से अचानक लजार के सिर पर वार कर दिया. जिससे लजार की तत्काल मौत हो गयी. इसके बाद रामे ने अपने साथी डिबु व चिंगरू को जल्द ओमलेन को भी पकड़ने को कहा. जब दोनों दोस्त डर से ओमलेन को पकड़ने के लिए नहीं तैयार हुए तो उन्हें भी रामे ने जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद डिंगु व चिंगरू ने ओमलेन का दोनों हाथ पकड़ लिया. जिसके बाद रामे ने ओमलेन को भी काटकर मार डाला. इस मामले को लेकर पुलिस लगातार तहकीकात व खोज बीन कर रही थी और एक माह बाद पुलिस बल थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी के नेतृत्व में कोमसाई पहुंची तथा हत्या में शामिल दो आरोपी डिंबु बरजो व चिंगरू बरजो को गिरफ्तार कर लिया. वहीं हत्या के बाद ही 7 अगस्त को मुख्य आरोपी रामे लोहार दिल्ली भाग गया है.
