पुराने सामान के बदले नया देने का झांसा
चाईबासा : दो ठग महिलाओं ने पुराने सामान के बदले नया देने के नाम पर चाईबासा मधु बाजार क्षेत्र की 17 महिलाओं से शनिवार को लगभग पांच लाख रुपये के सोना-चांदी के गहने, बरतन, मोबाइल फोन आदि की ठगी कर ली.
जानकारी के अनुसार, दोनों ठग महिलाएं दो दिनों से क्षेत्र की महिलाओं को पुराने सामान बदल कर नया सामान दे रही थीं, जिससे उन पर भरोसा जम गया. तीसरे दिन शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे वे मधुबाजार बस्ती में पहुंचीं तथा क्षेत्र की महिलाओं पर पुराने सामानों के बदले नये सामान देने का झांसा दिया.
उनके प्रभाव में आकर बस्ती की कई महिलाओं ने उन्हें सोना-चांदी के गहने, बरतन, मोबाइल फोन आदि दे दिये. इसके बाद दोनों ने उन्हें शाम तक पुराने सामानों के बदले नयी चीजें लाकर देने की बात कही और कर सामान लेकर चली गयीं. इसके बाद बस्ती की महिलाएं उनकी राह तकती रहीं, लेकिन दोनों औरतें नहीं आयीं. समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी है.
शहर में गिरोह सक्रिय तीन जगह की ठगी
ठग गिरोह पिछले दो-तीन दिनों में शहर के ग्वाला पट्टी, टाटा कॉलेज और अब मधुबाजार में महिलाओं को शिकार बना चुका है. ठग औरतें मधुबाजार के लोगों को खप्परसाई, खप्परसाई के लोगों को रेलवे फाटक पार तथा रेलवे फाटक पार के लोगों को टाटा कॉलेज अपना पता बताती थीं.
साथ आता था एक बच्चा
ठगी की शिकार हुई महिलाओं ने बताया कि दोनों में एक महिला की उम्र लगभग 40 व दूसरे की 50 वर्ष के आसपास होगी. उनके साथ एक सात साल का बच्चा भी आता था. पता पूछने पर दोनों ने सिर्फ चाईबासा रेलवे फाटक पार रहने की बात उन्हें कही थी. भुक्तभोगी महिलाएं उन औरतों की तसवीर नहीं लेने का अफसोस जता रही थीं.
