जगन्नाथपुर : जैंतगढ़ मोबाइल दुकान से मोबाइल समेत नगद चोरी के मामले में जगन्नाथपुर पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. दोनों ने अपनी संलिप्तता भी स्वीकार ली है. हालांकि दोनों के पास से न तो चोरी की मोबाइल बरामद हुई है और न ही नगद. दोनों नाबालिगों को शनिवार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. जबकि इस मामले का मास्टरमाइंड तथा मुख्य अभियुक्त मींटू लोहार (25) चोरी की मोबाइल व नगद के साथ फरार है.
चोरी की घटना में दो चोरों की गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए जगन्नाथपुर थाना प्रभारी ने बताया कि 15 अगस्त की रात जैंतगढ़ भागा पुलिया स्थित पंकज प्रसाद के चिकू मनिहारी स्टोर में सेंधमारी कर चोरों ने 12 से 15 हजार रुपये के पांच मोबाइल चुरा लिए. इसके अलावा दुकान से नगद पांच हजार रुपये भी ले उड़े थे. मामला दर्ज होने पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अवधेश ठाकुर छानबीन करते हुए चोरों का पता लगाया. इसके बाद शुक्रवार शाम उन्हें पकड़ने के लिए दलपोसी गांव में छापामारी की गयी. इस दौरान 15 वर्षीय दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल लिया है. बताया कि मींटू के कहने पर उन्होंने साथ मिलकर दुकान में सेंधमारी की. मींटू के पास चोरी का मोबाइल व पैसा है. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है.
