ट्यूशन पैकेज के नाम पर 25 बच्चों से पहले ही ले ली राशि
एसबीआइ शाखा के ऊपरी तल्ले पर संचालित था इंस्टीट्यूट
सेंटर का किराया और रेस्टोरेंट का बिल भी बकाया
चकधरपुर : एसबीआइ शाखा के ऊपरी तल्ले पर गुरु मंत्र इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस नामक कोचिंग सेंटर का संचालक बच्चों का पैसा लेकर फरार हो गया है. इतना ही नहीं मकान का भाड़ा व भोजन का पैसा भी बकाया है. कुल राशि करीब दो लाख रुपये है. इसका खुलासा तब हुआ, जब कुछ दिनों से बच्चे क्लास के लिए जाते, लेकिन इंस्टीट्यूट बंद होने पर लौट आते थे. फिर जब निदेशक को तलाश किया गया तो वह फरार मिला. जानकारी के मुताबिक कोचिंग सेंटर के निदेशक सह शिक्षक गौतम कुमार सिंह थे. कुछ साल पहले गौतम सिंह ने बिहार से आकर उक्त कोचिंग सेंटर शुरुआत की थी. शुरू में कोचिंग सेंटर में बच्चे आते थे,
लेकिन धीरे-धीरे बच्चों की घटती गयी. ऐसा अच्छी पढ़ाई नहीं होने के कारण हुआ. 10वीं और 11वीं के बच्चे यहां विज्ञान व गणित की पढ़ाई करते थे. कोचिंग सेंटर के लिए तीन कमरों को किराये पर ले रखा था, इसमें से एक दफ्तर के लिए था. इन का कुल किराया 15 हजार रुपये हर माह अदा करता था. उसी बिल्डिंग में संचालित चटनी रेस्टोरेंट में वह भोजन भी किया करता था. पिछले कुछ महीनों से रेस्टोरेंट और मकान का किराया भी बाकी था. छात्रों के अनुसार 10वीं के 10, 11वीं के 10 व 12वीं के 15 बच्चों से ट्यूशन पैकेज के नाम पर 8-8 हजार रुपये पहले ही ले लिया गया था. इस बीच वह फरार हो गया. समाचार लिखे जाने तक मामला थाना नहीं पहुंचा था.
