एक साल से दोनों के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग
इस बीच युवती गर्भवती हो गयी, युवती ने महिला समिति से लगायी न्याय की गुहार
जगन्नाथपुर : जगन्नाथपुर अजीविका महिला ग्राम संगठन की महिलाओं ने बुधवार को जगन्नाथपुर थाना परिसर में प्रेमी युगल की शादी करायी. थाने में एक-दूसरे को वरमाला पहना कर साथ जीने-मरने की कसम दिलायी. लड़का-लड़की के परिजनों की सहमति पर दोनों की शादी करायी गयी. मौके पर लड़का-लड़की के परिजनों सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे. शादी के बाद दोनों को महिला समिति ने घर भेजा. मालूम हो कि जगन्नाथपुर थाने के छनपदा गांव निवासी स्वः चोयतु नायक के पुत्र कोन्दा नायक व जगन्नाथपुर राजपुत्र टोली निवासी स्वः सनातन गोप की 18 वर्षीया पुत्री सोयतो कुमारी का एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था.
महिला समिति ने बताया कि काफी दिनों से लड़की घर से निकल नही रही थी. सोमवार को लड़की महिला समिति पहुंची. उसने अपनी प्रेम कहानी बतायी. कोन्दा जैतगढ़ में पिकअप डाईवर का काम करता. उसने जनवरी में जगन्नाथपुर में एक भाड़े का घर ले लिया. लड़का से उसके कमरे में लड़की मिलने आती थी. इस बीच दोनों में शारीरिक संबंध बनने पर युवती सात माह की गर्भवती हो गयी. समिति ने हस्तक्षेप कर दोनों का विवाह कराया.
