सिमडेगा. ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा में सोमवार को सड़क किनारे खड़े दो लोगों को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, बाघचट्टा डेम्बू टोली निवासी अलबिस कुजूर और सिल्बेस्टर कुजूर बाघचट्टा मुख्य पथ के किनारे खड़े थे. इसी दौरान तेज गति से आये अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और फरार हो गया.
दुर्घटना में अलबिस कुजूर की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, सिल्बेस्टर कुजूर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को टेंपो से सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है.
