कोलेबिरा (सिमडेगा): कोलेबिरा पंचायत के जामटोली पहाड़ क्षेत्र में खनन विभाग द्वारा छह जुलाई को कराए गए वृक्षारोपण की स्थिति का जिला परिषद अध्यक्ष रोज प्रतिमा सोरेंग ने निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि लगाए गए कई वृक्ष और पौधे गायब हो चुके हैं, जबकि कुछ पौधे सूख गए हैं.
इसके अलावा पहाड़ के ऊपर डाली गई मिट्टी भी बरसात के पानी के कारण आधे से अधिक बह चुकी है. वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपायुक्त कंचन सिंह, जिला वन पदाधिकारी सिमडेगा और खनन विभाग के पदाधिकारी शामिल हुए थे. इस दौरान पदाधिकारियों ने पौधारोपण किया था.
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि यह समझ से परे है कि किस उद्देश्य से पहाड़ के ऊपर वृक्षारोपण किया गया है, जबकि पौधारोपण के लिए कई अन्य स्थानों पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. उन्होंने कहा कि ऐसे स्थान पर वृक्षारोपण करना सरकारी राशि का दुरुपयोग है.
