सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा की गयी. बैठक में उत्पाद, खनन, मत्स्य, नगर परिषद, परिवहन, मोटरयान निरीक्षक, नीलाम पत्र आदि विभागों के आंतरिक संसाधनों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गयी. उत्पाद अधीक्षक ने जानकारी दी कि लक्ष्य के विरुद्ध 113.88 प्रतिशत राजस्व वसूली की गयी है. नगर परिषद ने वार्षिक लक्ष्य 350.75 लाख के आलोक में 129.66 लाख की वसूली कर 30.97 उपलब्धि हासिल की है. वहीं जिला खनन विभाग ने पत्थर, ईंट, मोरम, मिट्टी, बालू, नीलाम पत्र समेत खनन परिवहन व भंडारण पर जुर्माना लगा कर अब तक 754.03 लाख रुपये की वसूली की है, जो लक्ष्य का 32 प्रतिशत है. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें. उन्होंने भू-लगान, दाखिल-खारिज, भूमि सीमांकन व परिशोधन पोर्टल के अंतर्गत लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन करें तथा त्रुटिपूर्ण आवेदनों को उचित कारणों के साथ अस्वीकृत करें. साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, एलआरडीसी और अंचल अधिकारियों के न्यायालयों में लंबित मामलों को भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी शशांक शेखर सिंह, अपर समाहर्ता श्री ज्ञानेंद्र, एलआरडीसी अरुणा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, उत्पाद अधीक्षक, खनन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व राजस्व कर्मचारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
