डुमरडीह (सिमडेगा). सिमडेगा प्रखंड के डुमरडीह, पोस्ट टैंसेरा निवासी 24 वर्षीय महावीर मांझी की केरल में शुक्रवार रात करीब 3 बजे आकस्मिक मौत हो गयी. महावीर रोजगार के सिलसिले में केरल गया था और वहीं काम कर रहा था.
शव को घर लाने में समस्या
युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों ने शव को पैतृक गांव लाने के लिए संबंधित मालिक से संपर्क किया. परिजनों का आरोप है कि शव को सिमडेगा भेजने में सहयोग नहीं किया जा रहा था. इससे परिवार के सामने शव को घर लाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गयी.
डीसी ने लिया मामले का संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने के बाद सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह ने संज्ञान लिया है. डीसी के निर्देश के बाद महावीर मांझी के शव को केरल से सिमडेगा लाने के लिए आवश्यक पहल शुरू कर दी गयी है. प्रशासन की ओर से शव को जल्द से जल्द पैतृक गांव तक पहुंचाने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: सिमडेगा में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, आधी रात को गूंजे नंद के आनंद भयो के जयकारे
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
महावीर मांझी की मौत के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार ने जिला प्रशासन से जल्द आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और शव को पैतृक गांव लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है.
