सिमडेगाः एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यों की गुणवत्ता में सुधार को लेकर सभी थाना और ओपी प्रभारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश
बैठक में लंबित कांडों का 60 और 90 दिनों के भीतर निष्पादन करने, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने तथा चोरी समेत अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया. एसपी ने नियमित गश्ती, रात्रि चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया. ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.
ये भी पढ़ें- Air India Express के विमान में ऑक्सीजन की कमी, ग्राउंडेड
जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर
‘मोर पुलिस मोय पुलिस’ अभियान के तहत मानव तस्करी, साइबर अपराध, डायन प्रथा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और सर्पदंश से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. एसपी ने आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, सीसीए एवं निगरानी प्रस्तावों की समीक्षा करने और इंटरोगेशन रिपोर्ट तैयार करने को कहा.
न्यायालय के आदेशों का समय पर हो निष्पादन
बैठक में पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया. न्यायालय से प्राप्त वारंट, समन समेत अन्य न्यायालयीय आदेशों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. कोर्ट नोडल पदाधिकारियों को न्यायालय से संबंधित मामलों की नियमित निगरानी करने को कहा गया. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमडेगा, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, सिमडेगा एवं कुरडेग अंचल समेत जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- झारखंड में रक्षाबंधन की छुट्टी में भी खुलेंगे स्कूल, जानें वजह
