सात अपराधी गिरफ्तार, एक नाबालिग को किया निरुद्ध

तुमडेगी मिशन में डकैती व पल्ली पुरोहितों पर जानलेवा हमले मामले का पुलिस ने किया खुलासा

सिमडेगा. मुफ्फिसल थाना के तुमडेगी मिशन में हुए 3.5 लाख की डकैती व पल्ली पुरोहितों पर जानलेवा हमले मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को निरुद्ध और सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट की रकम, हथियार, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. एक अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. घटना 30 सितंबर और एक अक्टूबर की रात की है. तुमडेगी चर्च में प्रार्थना स्थल के संचालक से अपराधियों ने तीन लाख, 50 हजार रुपये लूट लिये थे. इस दौरान अपराधियों ने दो पुरोहितों पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया था. कांड को लेकर मामला दर्ज किया गया था. एसपी एम अर्शी के निर्देश पर एसडीपीओ बैजू उरांव के नेतृत्व में एक टीम गठित कर पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस कांड में शामिल नौ अपराधियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक फरार अपराधी की तलाश की जा रही है. पुलिस ने अपराधियों के पास से 29,590 रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक तलवार, पांच मोबाइल फोन, एक बाइक, एक स्कूटी और 5,769 रुपये मूल्य के सिक्के समेत कुल 35,359 रुपये की राशि बरामद की है. गिरफ्तार अपराधियों में सत्यानंद साहू (रिगड़ी), संचित साहू (नवाटोली पालकोट), शिवम कुमार यादव (कोलेबिरा), धमेश्वर उरांव (रायडीह गुमला), सहेंद्र ग्वाला (मतरामेटा), मुकेश किड़ो (रिगड़ी), दिलीप साहू उर्फ टिकला (साईंपुर कोढ़ी चौक) शामिल हैं. वहीं एक नाबालिग को निरुद्ध किया है. छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह, इंस्पेक्टर भिखारी राम, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, रोहित कुमार रजक, प्रदीप कुमार, जितेंद्र कुमार, रमेश कुमार झा, शशि शंकर सिंह, देवीदास मुर्मू, संतोष कुमार राय, हर्ष कुमार साह, सिमल मांझी, पंकज प्रमाणिक, विकास कुमार, विनायक कुमार पांडेय, सोनू पाठक, बीरेंद्र मुर्मू, संजीत कुमार शामिल हैं.

अपराधियों ने की थी कई दिनों तक रेकी

जांच में पता चला है कि अपराधियों ने इस लूट की योजना कई दिनों पहले बनायी थी. घटना से पहले अपराधियों ने इलाके की लगातार रेकी की थी. चर्च की गतिविधियों पर नजर रखी थी. घटना के दिन भी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपराधियों ने अपने वाहन घटनास्थल से काफी दूर खड़े किये थे, ताकि भागने में परेशानी न हो.

पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम

लूटकांड का खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को एसपी एम अर्शी ने सराहा है. उन्होंने छापेमारी में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और टीम को 25 हजार रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >