सिमडेगा. मालसाड़ा के वनवासी कल्याण केंद्र की शैक्षिक इकाई श्री हरि वनवासी विकास समिति, रांची द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर बनदुर्गा मालसाड़ा में गुरुवार को रक्षाबंधन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जगरनाथ सिंह ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, विश्वास, सुरक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देता है. इस अवसर पर निबंध लेखन और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गयी. विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन, भारतीय संस्कृति और भाई-बहन के रिश्ते पर विचार व्यक्त किये. छात्राओं ने मेहंदी के आकर्षक डिजाइन बनाये. पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने वनदुर्गा परिसर के पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधा और उनके संरक्षण का संकल्प लिया.
इसके बाद भैया-बहनों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधी. विद्यार्थियों के बैठने के लिए श्री सत्यनारायण गोयल ने दरी उपलब्ध करायी. विद्यालय परिवार ने उनका आभार जताया. मौके पर प्रधानाचार्य जगरनाथ सिंह, देवकी कुमारी, जानकी सिंह, पद्मिनी कुमारी सहित विद्यालय के भैया-बहन उपस्थित थे.
