बानो. लचरागढ़ स्थित संत दोमनिक इंटर कॉलेज में स्थापना के 25 वर्ष पूरा होने पर सिल्वर जुबली समारोह मनाया गया. मौके पर विशेष मिस्सा पूजा अनुष्ठान हुआ, जिसकी अगुवाई सिमडेगा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप विंसेंट बरवा, फादर फुलजेम्स कुल्लू व फादर पीटर बारला ने की. समारोह के दौरान कॉलेज के संरक्षक संत दोमनिक की प्रतिमा का अनावरण बिशप विंसेंट बरवा, फादर फुलजेम्स कुल्लू और फादर पीटर बारला ने संयुक्त रूप से किया. मौके पर बिशप बरवा ने कहा कि संत दोमनिक सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनका जीवन शिक्षा, सेवा व उदारता का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से नशा और बुरी संगत से दूर रह कर शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र को रोशन करने का आह्वान किया. मौके पर फादर फुलजेम्स कुल्लू ने कहा कि विद्यार्थी मेहनत से पढ़ाई करें और अपने माता-पिता व शिक्षकों का मान बढ़ायें. फादर पीटर बारला ने प्रतिमा अनावरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समर्पण और धर्मनिष्ठा से जीवन में दूसरों के लिए प्रेरणा बनना संभव है. उपप्राचार्य फादर अलबिनुस केरकेट्टा ने कॉलेज के इतिहास और उपलब्धियों की जानकारी दी. मौके पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. बांकी व कुरडेग कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुति दी. शिल्पा एंड ग्रुप, पुनीत एंड साथी, श्वेता एंड ग्रुप समेत अन्य छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. संचालन सलीम समद, अनुपमा जोजो, संचित गुड़िया और साक्षी बड़ाइक ने किया. स्वागत भाषण माधुरी बुढ़ व धन्यवाद ज्ञापन कॉलेज के प्राचार्य फादर क्लेमेंट लकड़ा व पंकज लुगून ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम की सफलता में फादर क्लेमेंट लकड़ा (प्राचार्य), फादर अलबिनुस केरकेट्टा (वाइस प्रिंसिपल) समेत शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की अहम भूमिका रही. समारोह में फादर आनंद एरगेट, फादर राजेश केरकेट्टा, फादर पीटर मिंज, फादर एरिक जोसेफ कुल्लू, फादर रफायल केरकेट्टा, फादर सुमित तिर्की, फादर शशि भूषण, फादर विजय केरकेट्टा, फादर अरविंद खाखा, फादर क्लेमेंट लकड़ा आदि मौजूद थे.
कॉलेज को वित्तीय सहायता दिलाने का करेंगे प्रयास : विधायक
विशिष्ट अतिथि विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कॉलेज को शिक्षा क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों तक ले जाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कॉलेज को वित्तीय सहायता दिलाने और विधानसभा में आवाज उठाने का आश्वासन दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
