सिमडेगा. सदर थाना क्षेत्र के बंगरू पहाड़टोली के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान बंगरू प्रचार टोली निवासी अजय टोप्पो के रूप में हुई है.
बाइक से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, अजय टोप्पो गांव के पास फुटबॉल खेलने गया था. खेल समाप्त होने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान पहाड़टोली के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
हादसे के बाद वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था. गांव वालों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मौत
सदर अस्पताल में अजय की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे शहर स्थित एक निजी नर्सिंग होम लेकर गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक अजय टोप्पो के घर से शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
