सिमडेगा : सिमडेगा जिले में वीर शहीद थॉमस सोरेंग अंतरराज्यीय फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजन समिति ने राजेश सिंह को समिति के सभी पदों से निष्कासित कर दिया है. आयोजन समिति के सचिव समीउल्लाह द्वारा इस संबंध में सूचना जारी की गयी है.
संविधान विरोधी गतिविधियों में शामिल
जारी सूचना में बताया गया है कि पिछले दिनों समिति के संविधान के अनुरूप कार्य नहीं करने और संविधान विरोधी गतिविधियों में शामिल पाये जाने के कारण यह कार्रवाई की गयी है. समिति के अनुसार राजेश सिंह की कुछ गतिविधियों से आयोजन समिति की छवि धूमिल हुई है. साथ ही प्रशासनिक स्तर पर सामने आये विभिन्न पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए समिति ने यह निर्णय लिया है.
सभी पदों और जिम्मेदारियों से हटाते हुए निष्कासित
सचिव समीउल्लाह ने बताया कि आयोजन समिति अपने संविधान और निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करती है. समिति की मर्यादा और अनुशासन बनाये रखना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है. इसको ध्यान में रखते हुए राजेश सिंह को समिति में मिले सभी पदों और जिम्मेदारियों से हटाते हुए निष्कासित किया गया है.
