जलडेगा. केंद्र व झारखंड सरकार की एक सराहनीय पहल के तहत विज्ञान व अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी वाहन इन दिनों जिले के चयनित विद्यालयों का दौरा कर रहा है. इस पहल का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा व नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना है. कार्यक्रम अंतर्गत जिले के कुल नौ विद्यालयों का चयन किया गया है, जिनमें एसएस प्लस टू उवि, बांसजोर (जो आकांक्षी प्रखंड में स्थित है) भी शामिल हैं. यह मोबाइल वाहन प्रत्येक विद्यालयों में दो दिनों तक ठहरता है. छात्रों को नेविगेशन प्रणाली, उपग्रह तकनीक, अंतरिक्ष अन्वेषण आदि से जुड़े मॉडल, दृश्य प्रदर्शन व प्रदर्शनी के माध्यम से जानकारी प्रदान करता है. वाहन की उपस्थिति के दौरान विद्यालय परिसर में छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया. उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित उपकरणों को ध्यानपूर्वक देखा और विज्ञान व अंतरिक्ष तकनीक से संबंधित प्रश्न पूछे. प्रधानाचार्य लक्ष्मी नारायण सिंह ने बताया कि इस पहल से छात्रों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ी है. यह उनके भविष्य के विषय चयन को सकारात्मक दिशा देगा. संचालन जिला शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है, ताकि वे आधुनिक विज्ञान व तकनीक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
