सिमडेगा. सिमडेगा-राउरकेला मुख्य पथ पर खैरनटोली के पास एक स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गयी. घटना में एक छात्र की मौत हो गयी, जबकि तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार डीएवी स्कूल सिमडेगा के नौवीं कक्षा का छात्र थानाटोली निवासी अमन टोपनो अहले सुबह अपने स्कॉर्पियो से अपने दोस्त सूफियान खान, आयुष व अंकित कुमार को लेकर टुकूपानी की तरफ तेज गति से जा रहा था. इस क्रम में खैरनटोली के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा कर 20 फीट दूर जा गिरी और उसमें सवार लोग काफी दूर-दूर जा गिरे. घटना में सूफियान खान की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं अन्य तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते पुलिस घटनास्थल पर पहुंच सभी घायलों को सदर अस्पताल इलाज के लिए भेजा. मृत सूफियान खान कांग्रेस नेता साबिर खान का पुत्र है, जो डीएवी सिमडेगा का नौवीं क्लास का छात्र था. अभी हाल में ही उसने वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में मेडल जीता था. घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. सूफियान की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है. वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. इधर, घटना की सूचना मिलते जिप सदस्य जोसिमा खाखा सदर अस्पताल पहुंच और पोस्टमार्टम प्रक्रिया में सहयोग किया. इसके बाद वह मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है. उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की. मौके जिप सदस्य समरोम पॉल तोपनो, विधायक प्रतिनिधि संतोष सिंह, शकील अहमद, अख्तर खान, लखन गुप्ता आदि मौजूद थे. विधायक भूषण बाड़ा ने जताया शोक: घटना पर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने शोक जताते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति और दुर्घटना में घायल युवकों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
