सिमडेगा: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर संत जेवियर कॉलेज, सिमडेगा के एनसीसी कैडेट्स ने बुधवार को देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कॉलेज परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मुख्य मार्गों से होकर गुजरी.
भारत माता के जयघोष से गूंजा मार्ग
एनसीसी कैडेट्स निर्धारित ड्रेस में हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़े. कैडेट्स ने तिरंगा लहराते हुए "भारत माता की जय" के जयघोष लगाए, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया.
तिरंगा यात्रा में शामिल कैडेट्स कॉलेज परिसर से निकलकर कोंमेंजरा मुख्य सड़क तक गये. इसके बाद उसी रास्ते से लौटते हुए कॉलेज परिसर पहुंचे.
देशभक्ति और एकता का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया. यात्रा में शामिल कैडेट्स का उत्साह देखते ही बन रहा था.
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना रहा.
