सिमडेगा. हॉकी झारखंड के नवनिर्वाचित महासचिव मनोज कोनबेगी के पहली बार गृह जिला सिमडेगा पहुंचने पर देर शाम हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत किया. हाल ही में हॉकी झारखंड की 2026-2030 कार्यकारी समिति के चुनाव में मनोज कोनबेगी निर्विरोध महासचिव चुने गये हैं. स्वागत समारोह में उन्होंने कहा कि तीन दशक से सिमडेगा के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों का सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 24 जिलों के सहयोग से झारखंड में हॉकी को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.
उन्होंने लठ्ठाखम्हन खेल समिति के संस्थापक स्व जोसेफ बा को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 1995 से मिली सीख और अनुभव ने उन्हें प्रखंड से राज्य स्तर तक पहुंचाया. हॉकी सिमडेगा के तकनीकी समिति चेयरमैन पंख्रासियुस टोप्पो ने कहा कि मनोज कोनबेगी हमेशा खिलाड़ियों के अभिभावक की भूमिका निभाते रहे हैं और उनका महासचिव बनना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. कोषाध्यक्ष कमलेश्वर मांझी ने इसे सिमडेगा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. संयुक्त सचिव करिश्मा परवार, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुनुल भेंगरा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच तारिणी कुमारी तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी सुशीला कुजूर ने भी मनोज कोनबेगी के खिलाड़ियों के प्रति समर्पण और उनके मार्गदर्शन की सराहना की. मौके पर पदाधिकारियों ने तारिणी कुमारी को हॉकी झारखंड एथलीट समिति का चेयरपर्सन बनाये जाने पर भी बधाई दी.
