सिमडेगा. कोलेबिरा स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के पुराने भवन से लोहे की खिड़की और दरवाजे चोरी होने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को घटना के दो घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गयी है. डीएसपी मुख्यालय रनवीर सिंह ने बताया कि 30 अगस्त को विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कोलेबिरा थाना में लिखित आवेदन देकर पुराने विद्यालय भवन से लोहे के चदरे से बने खिड़की एवं दरवाजे चोरी होने की शिकायत दर्ज करायी थी. चोरी गये सामान की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बतायी गयी.
आवेदन के आधार पर कोलेबिरा थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. एसपी के आदेश पर थाना प्रभारी कोलेबिरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुराने डाक बंगला भवन, कोलेबिरा से चोरी का सामान बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ताबीस रेहान (27) पुराना बाजार कोलेबिरानिवासी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से लोहे के चदरे से बनी सात खिड़कियां और सात दरवाजे बरामद किये हैं.
